जबलपुर। न्यूएरा हॉस्पिटल, लकड़गंज, नागपुर के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक दुर्लभ और अत्यंत जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक कर चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डॉक्टरों ने 20 वर्षीय युवक की रीढ़ की हड्डी (स्पाइनल कॉर्ड) के डी-9 से एल-3 हिस्से में स्थित लगभग 13 सेंटीमीटर लंबे विशाल ट्यूमर को अत्यंत सुरक्षित तरीके से एक ही हिस्से में पूरी तरह निकालने में सफलता प्राप्त की। यह सर्जरी न्यूएरा हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. निलेश अग्रवाल के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। उनके साथ कंसल्टेंट न्यूरोसर्जन डॉ. विशाल पिशे, न्यूरोसर्जन डॉ. आदित्य अटल, न्यूरोफिजिशियन डॉ. अभिषेक वानखेड़े तथा डॉ. अंकित पंजवानी ने उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा डॉ. साहिल बंसल, डॉ. नेहा नकाडे और डॉ. आदित्य की एनेस्थीसिया टीम तथा ऑपरेशन थिएटर के नर्सिंग एवं तकनीकी कर्मचारियों ने भी इस सर्जरी को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।