एल्गिन हॉस्पिटल लोक निर्माण मंत्री आज करेंगे मदर मिल्क बैंक ‘अमृत कलश’ का शुभारंभ


जबलपुर। नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और जीवन रक्षा की दिशा में महाकौशल को मंगलवार को एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिलने जा रही है। रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन अस्पताल) में मध्यप्रदेश के सबसे बड़े एवं महाकौशल के पहले कॉम्प्रिहेंसिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर मिल्क बैंक ‘अमृत कलश’ का शुभारंभ 24 नवंबर को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह करेंगे। करीब 70 लाख रुपये की लागत से तैयार इस सेंटर के माध्यम से जरूरतमंद नवजात शिशुओं को सुरक्षित मातृ दुग्ध उपलब्ध कराया जा सकेगा।

माताओं के दान किए दूध से बचेगी नवजातों की जिंदगी……

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, जन्म के बाद शिशु के लिए मां का दूध अमृत के समान होता है। यह नवजात की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और उसके समुचित शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कई बार समय से पहले जन्म लेने, कम वजन या बीमारी के कारण नवजात शिशु मां का दूध प्राप्त नहीं कर पाते। ऐसे बच्चों के लिए मिल्क बैंक बड़ी मददगार सुविधा साबित होगा।

स्वेच्छा से दूध दान करने वाली माताओं से होगा संग्रह……

इस सेंटर में ऐसी धात्री माताओं का दूध स्वेच्छा और सहमति से एकत्रित किया जाएगा, जिन्हें पर्याप्त मात्रा में दूध उपलब्ध होता है और जो जरूरतमंद बच्चों के लिए दूध दान करना चाहती हैं। संग्रहित दूध को अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से सुरक्षित संरक्षित किया जाएगा। इसके बाद एसएनसीयू और एनआरसी में भर्ती बीमार एवं कम वजन वाले नवजात शिशुओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध कराया जाएगा।

शिशु मृत्यु दर कम करने में मिलेगी मदद…..

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस व्यवस्था से बीमार नवजात शिशुओं को आवश्यक मातृ दुग्ध मिल सकेगा। इससे उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार और रिकवरी में मदद मिलने के साथ शिशु मृत्यु दर कम करने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी। ‘अमृत कलश’ मिल्क बैंक नवजात शिशुओं की देखभाल और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जबलपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।