जबलपुर। सिख धर्म के संस्थापक एवं मानवता, समानता, विश्वशांति, समरसता और विश्वबंधुत्व का संदेश देने वाले जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाशोत्सव आज नगर में हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सदर स्थित शिवाजी स्टेडियम के सामने बिरमानी पेट्रोल पंप के पास मुरगी मैदान में सुबह 10 बजे से दोपहर 3:15 बजे तक भव्य कीर्तन दरबार सजेगा।
आयोजन में स्वर्ण मंदिर श्री दरबार साहिब अमृतसर, पंजाब के विख्यात हुजूरी रागी जत्था भाई गुरप्रीत सिंह एवं उनके साथी गुरुवाणी शबद कीर्तन की प्रस्तुति देंगे। वहीं तख्त आनंदपुर साहिब पंजाब के विद्वान गुरुवाणी मीमांसक ज्ञानी सरबजीत सिंह सहित अन्य विद्वान गुरुवाणी मीमांसा, भजन और काव्यपाठ के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे। मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह भोगल ने बताया कि रागी जत्थों का नगर आगमन हो चुका है।
आयोजन में जनप्रतिनिधियों के साथ निष्काम सेवादारों और समाजसेवियों का सम्मान भी किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए दिनभर गुरु का लंगर वितरित किया जाएगा।
प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में नगर एवं उपनगरीय क्षेत्रों में कीर्तनी प्रभातफेरियां निकाली गईं। गुरुनानक विद्यालय मढ़ाताल में बसंती निशान साहिब लहराने की सेवा की गई। शहर के विभिन्न गुरुद्वारों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है। उपनगरीय क्षेत्र के गुरुद्वारा खमरिया में भी प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान प्रताप सिंह विरदी, कुलदीप सिंह बंसल, सुखबिंदर सिंह रील, इन्द्रपाल सिंह सेहमी, जतिंदर सिंह सैनी, एमएस नागी, अवतार सिंह बांगा, अमनदीप सिंह विरदी, राजिंदर सिंह धनजल, सुरिंदर सिंह अहलूवालिया एवं गुरप्रीत सिंह मोनू भाटिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने नगर के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर गुरु पर्व के आयोजन में शामिल होने की अपील की है।