जबलपुर। सिविल लाइंस के नागरथ चौक स्थित चर्चित रेस्टोरेंट होटल नंबर-7 में भोजन परोसने को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक जैन परिवार ने शाकाहारी व्यंजनों का ऑर्डर दिया था, लेकिन आरोप है कि पनीर की डिश के स्थान पर उन्हें चिकन परोस दिया गया। परिवार के सदस्यों ने उसे पनीर समझकर खा भी लिया। बाद में जब भोजन में चिकन होने की जानकारी सामने आई तो होटल में जमकर नाराजगी जताई गई।
शाकाहारी ऑर्डर में कैसे पहुंचा नॉनवेज..?……..
जानकारी के अनुसार आनंद भामोत्रा अपने परिवार के साथ रात करीब 10:55 बजे होटल पहुंचे थे। परिवार ने क्रिस्पी कोरियन कॉटेज चीज (पनीर), वेज चिली गार्लिक डिमसम, बिल्ड योर ओन वेज वोक और पालक पत्ते की चाट सहित कई शाकाहारी व्यंजनों का ऑर्डर दिया था। परिवार का आरोप है कि होटल कर्मचारियों ने पनीर की जगह चिकन की डिश परोस दी। परिवार को इसका अंदाजा नहीं हुआ और सदस्यों ने उसे शाकाहारी भोजन समझकर खा लिया।
गलती सामने आते ही कर्मचारियों से जवाब-तलब……
कुछ देर बाद जब परोसी गई डिश में चिकन होने का पता चला तो परिवार के सदस्यों ने होटल कर्मचारियों को घेर लिया और जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ऑर्डर में सभी व्यंजन शाकाहारी थे तो टेबल तक चिकन कैसे पहुंच गया। इस दौरान होटल कर्मचारी अपनी सफाई देते नजर आए।
वीडियो में दिखी परिवार की नाराजगी…..
घटना का वीडियो परिवार ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में परिवार के सदस्य कर्मचारियों से जवाब मांगते दिखाई दे रहे हैं। वहीं प्लेट में रखे चिकन के टुकड़े भी नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने शहर में चर्चा का रूप ले लिया है।
जैन समाज में नाराजगी, प्रबंधन की चुप्पी…
घटना को लेकर शाकाहारी भोजन करने वाले लोगों और जैन समाज में नाराजगी जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि भोजन परोसने में इस तरह की गलती केवल ग्राहक की पसंद का मामला नहीं, बल्कि उनकी धार्मिक और व्यक्तिगत मान्यताओं से भी जुड़ी है। होटल जैसे प्रतिष्ठानों में ऑर्डर और भोजन की जांच के बाद ही उसे ग्राहकों तक पहुंचाया जाना चाहिए। फिलहाल होटल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।