महर्षि गौतम आश्रम से निकली आस्था और अध्यात्म की अनुपम यात्रा


जबलपुर। श्री नर्मदा संकीर्तन परिक्रमा (पंजी.) समिति, जबलपुर के तत्वावधान में बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर महर्षि गौतम आश्रम, गोपालपुर, भेड़ाघाट में भव्य नर्मदा परिक्रमा का आयोजन श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रातः 5:30 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ हुआ। इसके पश्चात समिति के संरक्षक जगद्गुरु स्वामी राघवदेवाचार्य महाराज ने मां नर्मदा मैया एवं श्री हनुमान जी महाराज का विधिवत पूजन-अर्चन कर 108 दीपों से भव्य महाआरती की।

इसी अवसर पर चातुर्मास समापन के उपलक्ष्य में मां नर्मदा का दुग्धाभिषेक भी किया गया। तत्पश्चात प्रातः 8:30 बजे शंखनाद के साथ भव्य परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। समिति के संस्थापक पंडित मनमोहन दुबे, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, के नेतृत्व में श्रद्धालु पीत धर्मध्वज लेकर सीताराम संकीर्तन, मां नर्मदा के भक्तिमय भजनों एवं ‘नर्मदे हर’ के जयघोष के साथ परिक्रमा के लिए रवाना हुए। समिति के सचिव देवेंद्र नेमा ने बताया कि परिक्रमा पूर्ण कर लौटे श्रद्धालुओं ने सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इसके उपरांत आश्रम परिसर में आयोजित भंडारे में सभी उपस्थित भक्तजनों ने प्रसादी ग्रहण की।


इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी, उपाध्यक्ष मोहित तिवारी, सचिव देवेंद्र नेमा, संजय गौतम,प्रभाकर चतुर्वेदी,अवधेश खरे, विशाल पंड्या,मनोज विश्वकर्मा, एडवोकेट आदेश दीक्षित, नितिन चौबे,अतुल कुमार पटेल, मोहित लोधी, सत्य प्रकाश नामदेव,राजेंद्र ठाकुर, मलखन यादव, कृष्ण उपाध्याय मदन तिवारी, संतोष गौतम,प्रकाश हर्डीकर, अनिल सुहाने,सहित आदि उपस्थित रहे।