भोपाल। रघुवंशी समाज के अखिल भारतीय अखंड रघुवंशी क्षत्रिय परिषद के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय शस्त्र पूजन का भव्य आयोजन “विजयोत्सव-2” भोपाल स्थित रघुवंशी समाज भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ जनों, मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरी श्रद्धा व पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ शस्त्रों की पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुजारियों ने समाज के लोगों और युवा पीढ़ी को शस्त्र पूजन के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि क्षत्रिय परंपरा में शस्त्रों का पूजन केवल शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अधर्म के नाश और धर्म व समाज की रक्षा का संकल्प है।गौरतलब है कि परिषद द्वारा आयोजित यह “विजयोत्सव-2” कार्यक्रम मध्य प्रदेश के 17 जिलों में कुल 28 स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के प्रदेश प्रभारी श्री अमित रघुवंशी हैं एवं भोपाल प्रभारी श्री राघवेंद्र रघुवंशी हैं। प्रदेश स्तर पर चल रहा यह विशेष अभियान 17 अक्टूबर से शुरू होकर 23 अक्टूबर तक जारी रहेगा, जिसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में समाज को एकजुट करने और अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।भोपाल में हुए इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल समापन पर भोपाल जिले की कार्यसमिति के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र रघुवंशी, महिला अध्यक्ष श्रीमती उषा रघुवंशी एवं युवा अध्यक्ष श्री सुजीत रघुवंशी द्वारा उपस्थित सभी समाज जनों का हृदय से आभार प्रकट किया गया।