कैट नरसिंहपुर नगर इकाई की नई कार्यकारिणी गठित

नरसिंहपुर। देशभर के व्यापारियों के प्रमुख संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की नरसिंहपुर नगर इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। विजयादशमी के पावन अवसर पर सुधीर नेमा को नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी का उद्देश्य व्यापारियों को संगठित कर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए प्रभावी प्रयास करना है।कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल तथा मध्य प्रदेश प्रभारी संजय पटवारी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने सुधीर नेमा को नरसिंहपुर जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है।

इस नियुक्ति में प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष गोविंद दास असाटी एवं प्रदेश महामंत्री जितेंद्र पचौरी की अनुशंसा तथा जबलपुर संभागीय अध्यक्ष दीपक सेठी, संभागीय महामंत्री राजा सराफ, प्रदेश संरक्षक संदेश जैन एवं प्रदेश मंत्री रोहित खटवानी की सहमति रही।

हाल ही में जबलपुर के प्रांतीय पदाधिकारियों की देखरेख में नरसिंहपुर के व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक इंडियन कॉफी हाउस में आयोजित की गई थी। इसके बाद जरजोला मार्ग स्थित व्यवसायी माधव दास वासवानी के प्रतिष्ठान पर विभिन्न व्यापारिक वर्गों के प्रतिनिधि एकत्र हुए। यहां आपसी सहमति से नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति एवं निर्विरोध चयन किया गया।

*कैट नरसिंहपुर नगर इकाई के नवनियुक्त पदाधिकारी*

– नगर अध्यक्ष: सुधीर नेमा (सिद्धेश्वर एजेंसी),
– नगर उपाध्यक्ष: कैलाश चावला (सुपर बाजार),
– नगर महामंत्री: अनिल राठी(राठी नमकीन),
– सह सचिव: अभिनव शर्मा (निर्मल एंटरप्राइजेज),
– कोषाध्यक्ष: अंकुर कोठारी (अरिहंत ट्रेडर्स),
– संगठन मंत्री: जय वासवानी (श्री कृष्णा ट्रेडर्स),
– मीडिया प्रभारी: तिलक राज नेमा (तिलक मार्केटिंग),
नवनियुक्त नगर अध्यक्ष सुधीर नेमा ने विजयादशमी के पावन पर्व पर समस्त व्यापारी बंधुओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। उन्होंने व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सभी व्यापारियों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि व्यापारियों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। जब सभी व्यापारी एक मंच पर संगठित होकर अपनी बात रखेंगे, तभी उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। कैट नरसिंहपुर नगर इकाई व्यापारियों के हितों के संरक्षण, आपसी सहयोग बढ़ाने और स्थानीय व्यापार को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेगी।नई कार्यकारिणी के गठन पर नरसिंहपुर के कपड़ा व्यापारी संघ, थोक किराना व्यापारी संघ, गल्ला व्यापारी संघ, पेट्रोल पंप एसोसिएशन, सराफा एसोसिएशन सहित विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कैट पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सुधीर नेमा के नेतृत्व में नरसिंहपुर के व्यापारी एकजुट होकर स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देंगे तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे।