जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के नवनियुक्त 10 कनिष्ठ अभियंताओं सिविल का छह सप्ताह का विशेष तकनीकी प्रशिक्षण राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई) नागपुर में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अभियंताओं को ताप एवं जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण, संधारण तथा आधुनिक सिविल इंजीनियरिंग तकनीकों का गहन सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) दीपक कश्यप ने सफल एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के लिए एनपीटीआई नागपुर का आभार व्यक्त किया और बताया कि कंपनी के प्रबंध संचालक एवं डायरेक्टर टेक्निकल के मार्गदर्शन में केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। प्रशिक्षण के समापन समारोह में कंपनी की ओर से अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रशिक्षण डॉ. अशोक तिवारी व अधीक्षण अभियंता सिविल बी.के. कुशवाहा उपस्थित रहे। डॉ. तिवारी ने कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह की ओर से प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दक्ष, तकनीकी रूप से सक्षम और उत्तरदायी अभियंता ही भविष्य की ऊर्जा परियोजनाओं की सफलता का आधार हैं।