करमचंद चौक हितकारिणी कॉलेज के सामने अवैध कार पार्किंग, बिगड़ रहा यातायात

जबलपुर। शहर के अतिव्यस्त करमचंद चौक क्षेत्र में हितकारिणी कॉलेज के आसपास अवैध कार पार्किंग ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, वहीं कॉलेज आने वाली छात्राओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कॉलेज के आसपास लंबे समय से वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे सड़क का काफी हिस्सा पार्किंग में तब्दील हो गया है। स्थिति यह है कि कॉलेज की छात्राएं और अन्य लोग अपने दोपहिया वाहन तक व्यवस्थित तरीके से पार्क नहीं कर पाते।

नागरिकों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि करमचंद चौक जैसे संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही सड़क किनारे बैरिकेडिंग कर वाहनों की मनमानी पार्किंग बंद कराई जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। कॉलेज समय में यहां सबसे ज्यादा भीड़ रहती है, ऐसे में छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए प्रशासन को स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।