पिस्टल लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार

जबलपुर। नरसिंह मंदिर के पीछे टपरिया बस्ती में मंगलवार रात अवैध हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को मदनमहल पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज के मुताबिक मंगलवार रात क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकर्ष सिंह उर्फ लड्डू ठाकुर निवासी महानद्दा और आयुष जैन उर्फ कल्लू निवासी सैनिक सोसायटी नरसिंह मंदिर के पीछे टपरिया बस्ती की ओर अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और मदनमहल थाने की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस टीम को देखते ही दोनों युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण वे बच नहीं सके। पुलिस ने दोनों को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आकर्ष सिंह उर्फ लड्डू की कमर में पिस्टल मिली, जबकि आयुष जैन उर्फ कल्लू की पेंट की पीछे वाली जेब से एक कारतूस बरामद किया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर हथियारों के स्रोत और उनके इस्तेमाल के उद्देश्य की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों आरोपी हथियार लेकर इलाके में किस मकसद से घूम रहे थे और उनके संपर्क में कौन-कौन लोग हैं।