मानसून से पहले नालों की सफाई पर जोर


जबलपुर। शहर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए नगर निगम जबलपुर पिछले 50 दिनों से विशेष सफाई अभियान चला रहा है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं उत्तर-मध्य क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पांडे के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
एमआईसी सदस्य एवं जवाहरगंज वार्ड क्र. 22 की पार्षद रजनी कैलाश साहू ने बताया कि उनके वार्ड सहित शहर के सभी वार्डों में बड़े और छोटे नालों की युद्धस्तर पर सफाई करवाई जा रही है। नागरिकों को वर्षा ऋतु में जलभराव से मुक्त रखने के लिए नगर निगम प्रशासन अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरा है।
श्रीमति साहू ने कहा कि जल निकासी को सुचारु बनाने के लिए एमआईसी सदस्यों और पार्षदों की देखरेख में पूरे शहर में सफाई कार्य जारी है। आधुनिक मशीनों और बड़े-छोटे वाहनों की मदद से नालियों और नालों की गहराई से सफाई की जा रही है, ताकि बरसात के दिनों में शहर में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे नालियों में कचरा न डालें और नगर निगम के सफाई अभियान में सहयोग करें।