जबलपुर मुख्यालय से होगी प्रदेशभर के ग्रिड की लाइव मॉनिटरिंग
जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने प्रदेश के एक्स्ट्रा हाई टेंशन (ईएचटी) सबस्टेशनों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए हाई-परफॉर्मेंस एचडी सीसीटीवी कैमरे लगाने की शुरुआत कर दी है। करीब 8.15 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत प्रदेश के 417 सबस्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक निगरानी प्रणाली से जोड़ा जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि कैमरों की स्थापना से सबस्टेशनों पर चोरी, अनाधिकृत प्रवेश और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। यह पहल ट्रांसफॉर्मरों से कॉपर न्यूट्रल स्ट्रिप की बढ़ती चोरी की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से की जा रही है। इन स्ट्रिप्स की चोरी से ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने पर बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित हो सकती है।
नई व्यवस्था के तहत लगाए जा रहे कैमरों में 360 डिग्री कवरेज, नाइट विजन, मोशन डिटेक्शन और हाई-रिजॉल्यूशन रिकॉर्डिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कैमरों का लाइव फीड संबंधित अधिकारियों के मोबाइल पर उपलब्ध रहेगा। साथ ही ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के माध्यम से जबलपुर स्थित शक्तिभवन मुख्यालय से प्रदेश के सभी सबस्टेशनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था विकसित की जा रही है।एमपी ट्रांसको का कहना है कि इस तकनीकी पहल से विद्युत ग्रिड की सुरक्षा मजबूत होगी, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।