गर्मी बेकाबू, पारा 44 डिग्री के पार,धूप में चहका बदन, सड़कें रही वीरान


जबलपुर। मई के महीनें में गर्मी अपना रौद्र रुप दिखा रही है| इस सीजन में सोमवार को पहली बार पारा 44 डिग्री के पार निकल गया| गर्म लू के थपेड़ों ने जनजीवन को झुलसाया| सूर्यास्त के बाद देर रात तक गर्म हवाएं चलती रही| दोपहर में तेज धूप से बदन चहख रहा था| दोपहर से देर रात तक सड़के वीरान रही| शाम ढलने के बाद सड़कों पर चहल पहल शुरु हुई। लोग धूप से बचने के टोपी, गमछा बांधकर निकल रहे हैं। गर्मी में सूखे कंठों को तर करने शीतल पेय पदार्थ कोल्ड ड्रिंक, गन्ने का रस, आम का पना, नारियल पानी की तरफ लोग आकर्षित हो रहे हैं। सोमवार को पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया था।
मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार जबलपुर में मौसम शुष्क बना हुआ है। आसमान एकदम साफ है| पश्चिमी विक्षोप समाप्त होने से बादल छंट गए, जिससे तापमान को उछलने का मौका मिल रहा| पश्चिमी हवाएं भी वातावरण को गर्म कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान 44.02 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 39 प्रतिशत और सायंकाल 18 प्रतिशत आंकी गई। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पश्चिमी हवाएं 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। प्रदेश में सबसे अधिक 45 डिग्री तापमान राजगढ़ जिले में दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इसके पूर्व वर्ष 2024 में 27 मई को पारा 44.05 डिग्री पर गया था|