जबलपुर। शहर व जिले में निर्धारित शासकीय दरों के विपरीत मदिरा की बिक्री, अन्य जिलों से अवैध शराब की तस्करी और संभावित मिलावटी, जहरीली शराब पर लगाम लगाने के लिए अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि जिले में कई स्थानों पर लाइसेंसधारी व अनधिकृत दुकानों से तय दरों से कम या भिन्न-भिन्न मूल्य पर मदिरा बेची जा रही है। सस्ते दामों और आसान उपलब्धता के कारण युवा पीढ़ी तेजी से नशे की चपेट में आकर बर्बाद हो रही है, जिससे परिवारों में आए दिन विवाद और सामाजिक अशांति पैदा हो रही है। इसके साथ ही बाहरी क्षेत्रों से लाई जा रही अवैध मदिरा से आबकारी व्यवस्था और शासकीय राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है, वहीं जहरीली, मिलावटी शराब से आम नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नियम विरुद्ध काम करने वाले शराब ठेकेदारों व दुकानों की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा अवैध परिवहन और भंडारण पर तत्काल रोक लगाई जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, उमेश लोधी, कार्यकारिणी सदस्य रीटा नौटियाल, विकास संटू, असित रिंकू यादव, अभिषेक चन्देल, सीमान्त चौहान, ललित कोटवानी, कमल रजक, योगेश कोरी, आनंद कुंवर, अरविन्द सिंह और शाहनवाज़ खान आदि उपस्थित रहे।