लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या,

जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के मनकेड़ी गांव में ब्याज के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो सगे भाइयों ने एक युवक पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अशोक उइके के रूप में हुई है। अशोक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और जरूरतमंद लोगों को छोटी-छोटी रकम ब्याज पर उधार भी देता था। इसी लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने उसकी जान ले ली।

चार महीने पहले गिरवी रखी थी बाइक

जांच में सामने आया है कि गांव के विमल नेताम ने करीब चार महीने पहले अपनी बाइक ₹9,500 में अशोक उइके के पास गिरवी रखी थी। दोनों के बीच यह सहमति बनी थी कि यदि अशोक बाइक का उपयोग करेगा तो उस पर ब्याज नहीं लिया जाएगा। रविवार शाम बाइक छुड़ाने के लिए विमल के बेटे लालू नेताम और दिनेश नेताम अशोक के घर पहुंचे।

ब्याज मांगने पर भड़का विवाद

बताया जा रहा है कि बाइक वापस लेने के दौरान अशोक ने मूल रकम के साथ 10 प्रतिशत ब्याज की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर लालू और दिनेश नेताम ने अशोक उइके पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अशोक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए।परिजन और ग्रामीण घायल अशोक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज,

अशोक उइके की मौत के बाद बरगी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।