जबलपुर। करीब एक वर्ष पहले खितौला थाना क्षेत्र स्थित ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में जबलपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिहार से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से डकैती का 350 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल भी जब्त की गई है।इस पूरे मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) जितेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि बैंक डकैती की जांच लगातार जारी थी और गिरफ्तार मुख्य आरोपी से मिली अहम जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
11 अगस्त 2025 को हुई थी बड़ी बैंक डकैती
एएसपी क्राइम ने बताया कि 11 अगस्त 2025 को खितौला स्थित ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में पांच हथियारबंद बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर करीब 14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवरात और लगभग 5 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अतुल सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय स्वयं घटनास्थल पहुंचे थे। अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की गई थी।
मुख्य आरोपी से पूछताछ में खुला राज
एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को बैंक डकैती के मुख्य आरोपी सुनील पासवान निवासी गया (बिहार) को गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद थाना प्रभारी खितौला चंद्रकांत झा, क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उससे गहन पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि डकैती के बाद उसके हिस्से में आए सोने के आभूषणों को उसने अपने साथी छोटू उर्फ सरमन मेहतो की मदद से धीरे-धीरे बेच दिया था, जबकि बचा हुआ सोना उसी के पास सुरक्षित रखा गया था।
बिहार में दबिश, 350 ग्राम सोना बरामद
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर जबलपुर पुलिस ने एसटीएफ बिहार के सहयोग से गया जिले के शेरघाटी क्षेत्र में दबिश देकर छोटू उर्फ सरमन मेहतो (23 वर्ष) निवासी ग्राम मयरा, थाना इमामगंज, जिला गया को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि लूट का बचा हुआ सोना सुनील पासवान ने अपने गांव बनाही स्थित शिव मंदिर के पास खेत में छिपाकर रखा था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 350 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है, बरामद कर लिए। इसके अलावा मुख्य आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल भी जब्त की गई।
जांच अभी जारी, और खुलासों की उम्मीद
एएसपी क्राइम ने बताया कि आरोपी छोटू उर्फ सरमन मेहतो की पुलिस रिमांड लेकर दोनों आरोपियों को जबलपुर लाया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और संभावना है कि डकैती में शामिल अन्य आरोपियों तथा लूटे गए शेष सोने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और थाना खितौला पुलिस की संयुक्त टीम ने सराहनीय कार्य किया है। पुलिस अब डकैती में शामिल पूरे नेटवर्क, लूट के माल की खरीद-फरोख्त और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।