जबलपुर, । पिछले कार्य समिति चुनाव में मिली शानदार सफलता के बाद मजदूर संघ हथौड़ा ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। संघ के महामंत्री रोहित यादव ने पांच समर्पित पदाधिकारियों को ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयड फेडरेशन (एआईडीईएफ) की फेडरल काउंसिल में सदस्य नियुक्त किए जाने की सूचना फेडरेशन को दी है। इन नियुक्तियों से विभिन्न विभागों में संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई गई है।फेडरल काउंसिल सदस्य के रूप में सागर कनोजिया (क्यूसी), अमित कुमार (एडीजीएस), सुदीत कुमार (टीआर), आशीष कुमार (एफजीएस) और संजय कुमार (जीएफ एंड एडी) को जिम्मेदारी दी गई है।मजदूर संघ हथौड़ा के महामंत्री रोहित यादव ने कहा कि वर्ष 2026 के कार्य समिति चुनाव के दौरान सभी नवनियुक्त सदस्यों ने संगठन के प्रति निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ काम किया। उन्होंने कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सक्रिय योगदान और प्रतिबद्धता को देखते हुए फेडरल काउंसिल में जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने कहा कि मजदूर संघ हथौड़ा का उद्देश्य केवल चुनावी सफलता हासिल करना नहीं है, बल्कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठन को विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों में और अधिक मजबूत करना है। नए फेडरल काउंसिल सदस्यों के जुड़ने से संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।संघ ने उम्मीद जताई कि सभी नवनियुक्त सदस्य कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।उपरोक्त जानकारी एआईडीईएफ के मीडिया प्रमुख उत्तम विश्वास ने दी।




