*जबलपुर।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जबलपुर प्रवास के दौरान शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के लिए कई बड़ी सौगातें दी हैं। गुरुवार, 1 अगस्त को मुख्यमंत्री ने महाराजपुर में एक नया पुलिस थाना बनाने की महत्वपूर्ण घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने सर्वसुविधायुक्त हाईटेक नव-निर्मित तिलवारा थाना भवन, घमापुर में पुलिसकर्मियों के लिए बने बहुमंजिला आवास और म.प्र. पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के संभागीय कार्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया।
**महाराजपुर थाने और नई बैरकों की घोषणा**
कार्यक्रम के दौरान जबलपुर को विशेष सौगात देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराजपुर क्षेत्र में नया थाना स्थापित करने का ऐलान किया। इसके अलावा, पुलिस अधिकारियों की सुविधा के लिए जी.ओ.एस. (GOS) मेस और बाहर से ड्यूटी पर आने वाले पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए सर्वसुविधायुक्त बैरक बनाने की भी उद्घोषणा की गई।
**280 लाख से बना हाईटेक तिलवारा थाना**
मुख्यमंत्री ने फीता काटकर 280 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक तिलवारा थाना भवन का शुभारंभ किया और भवन का निरीक्षण किया। वर्तमान समय की पुलिसिंग आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस थाने को हाईटेक बनाया गया है। इसमें अत्याधुनिक कार्यालय कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात, महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के लिए अलग-अलग बैरक व प्रसाधन, कॉन्फ्रेंस हॉल, पार्किंग और दिव्यांगजनों के लिए विशेष रैंप की व्यवस्था की गई है।
**पुलिसकर्मियों को मिले 96 नए आवास**
मुख्यमंत्री पुलिस आवास योजना के तहत पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से घमापुर थाना परिसर में 2257.92 लाख रुपये की लागत से 96 आरक्षक/प्रधान आरक्षक बहुमंजिला आवास गृह का निर्माण किया गया है, जिसका मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। इसके साथ ही 321.80 लाख रुपये की लागत से बने संभागीय कार्यालय भवन की भी शुरुआत की गई।
**जनता और पुलिस के बीच बढ़ेगा संवाद: मुख्यमंत्री**
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील पुलिस सेवाएं देने के लिए लगातार पुलिस अधोसंरचना को आधुनिक बना रही है। उन्होंने कहा, “आधुनिक संसाधनों से लैस ये थाना भवन पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ाएंगे और आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण में अहम भूमिका निभाएंगे। थानों के हाईटेक होने और डिजिटलीकरण से अपराध नियंत्रण में और अधिक दक्षता आएगी।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तिलवारा थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
**समारोह में ये रहे उपस्थित**
इस गरिमामयी लोकार्पण समारोह में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, लोकसभा सांसद श्री आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, विधायक अशोक रोहाणी (कैंट), अभिलाष पाण्डे (उत्तर), नीरज सिंह (बरगी), संतोष बरकड़े (सिहोरा) सहित एडीजी ए.के. सिंह, एडीजी (जबलपुर जोन) प्रमोद वर्मा, डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, एसपी सम्पत उपाध्याय सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।