लूट और झपटमारी की 4 वारदातें, वृद्धा से चेन, 2 महिलाओं से मंगलसूत्र और युवक का मोबाइल लूटा


जबलपुर। त्यौहार के दौरान पुलिस यहां अन्य व्यवस्थाओं में व्यस्त हैं तो वहीं चोर उच्चके पुलिस को चुनौती दे रहे हैं| पिछले 24 घंटे के दौरान शहर में लूट और झपटमारी की चार अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। गढ़ा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने 70 वर्षीय वृद्धा को धक्का देकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली। वहीं, खितौला में बाइक सवार तीन बदमाश महिला का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। इसके अलावा, ओमती थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाश एक युवक का मोबाइल छीनकर भाग निकले। इसी तरह बरेला बाजार में मंदिर से जल चढ़ाकर लौट रही महिला के गले से मंगलसूत्र लूटकर बदमाश फरार हो गए| पुलिस ने चारों मामलों में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

वृद्धा को धक्का देकर सोने की चेन लूटी……….

गढ़ा थाना पुलिस के अनुसार, शिमला हिल्स निवासी 70 वर्षीय कौशल्या पटेल ने 14 अक्टूबर की शाम शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी पड़ोसी सोना झारिया और कोरी अम्मा के साथ ऑटो से तिलवारा घाट दर्शन करने गई थीं। लौटते समय शारदा चौक के आगे दुर्गा मंदिर तिराहे पर ऑटो से उतरकर वह पैदल घर जा रही थीं। शिमला हिल्स की चढ़ाई पर पप्पू अंडे की दुकान के सामने पहुंचते ही काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके सामने आए। दोनों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई गई है। आगे बैठे युवक ने कपड़े से मुंह ढक रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक ने टोपी पहन रखी थी। बदमाशों ने वृद्धा से गले की चेन उतारने को कहा। विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और सोने की चेन लूटकर एलआईसी की तरफ भाग गए। पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

महिला का मंगलसूत्र झपटा…………

दूसरी वारदात खितौला थाना क्षेत्र की है। चर्च कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय मोनू परौहा ने 14 अक्टूबर की रात पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे वेदांश के साथ अपनी छोटी देवरानी रश्मि परौहा के घर गई थीं। शाम करीब 7:30 बजे बेटे के साथ वापस लौटते समय पालीवाल कॉलोनी में राजा मौर्य के निर्माणाधीन मकान के सामने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे। मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया।

मंगलसूत्र में एक पेंडल, सोने की छह गुरिया और काले मोती लगे हुए थे। महिला ने काले धागे में भी आभूषण पहना हुआ था। वारदात के बाद तीनों बदमाश मोटरसाइकिल से खितौला बाजार की ओर फरार हो गए। पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गूगल मैप देखते युवक का मोबाइल छीना………

तीसरी वारदात ओमती थाना क्षेत्र में हुई। शहडोल जिले के बुढ़ार निवासी 30 वर्षीय विपिन कुमार सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सर्वाइकल की बीमारी का उपचार कराने के लिए अच्छे डॉक्टर की तलाश में जबलपुर आए थे। 2 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे वह मुन्ना पान भंडार के पास गूगल मैप देखते हुए रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे।


इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। घटना के बाद विपिन अपने घर बुढ़ार चले गए थे। बाद में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। ओमती पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बरेला में महिला का मंगलसूत्र लूटा………….

चौथी घटना बरेला के बाजार मोहल्ला में हुई, यहां खेरमाई मंदिर में जल चढ़ाने के बाद घर लौट रही एक महिला का अज्ञात तीन युवकों ने मंगलसूत्र लूट लिया। महिला का मंगलसूत्र खींचने के दौरान टूट गया था, जिससे आरोपियों के हाथ मंगलसूत्र का पेंडल आया जबकि उसकी गुरिया सहित माला महिला की पकड में शेष रह गई।


इस संबंध में बरेला थाने से मिली जानकारी के मुताबिक बरेला किसानी मोहल्ला में रहने वाली बबीता साहू सुबह 9 बजे के आसपास खेरमाई मंदिर में जल चढ़ा कर घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल में सवार होकर तीन युवक आए और जब तक महिला कुछ समझ पाती, पीछे बैठे युवक ने उसके गले पर झपट्टा मारा।

जिससे महिला के हाथ से जल भरा लोटा छूट गया। महिला ने मंगलसूत्र को अपने हाथों से पकड़ने की कोशिश की जो बदमाशों की खींचतान से टूट गया और मंगलसूत्र के आगे का पेंडल वाला हिस्सा आरोपी के हाथ में फंसा रह गया जबकि शेष भाग पीड़िता के पास बचा। महिला के हो-हल्ला मचाते ही आरोपी तेजी से मोटरसाइकिल से भाग निकले।