जबलपुर। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने, जातिगत जनगणना कराने, एसआईआर के विरोध तथा ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे बलदेव बाग स्थित अग्रवाल बारात घर में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य राजमणि पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया एवं दिनेश यादव विशिष्ट अतिथि रहेंगे। मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग संगठन, जबलपुर के जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक नेकराम पटेल तथा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष (ओबीसी विभाग) टीकाराम कोष्टा और रवि पटेल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक न्याय, आरक्षण एवं लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करना तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों को एक मंच पर लाना है।
सम्मेलन में एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस, अल्पसंख्यक वर्गों के सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। इसमें ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण, जातिगत जनगणना, एसआईआर तथा चुनाव में बैलेट पेपर की व्यवस्था लागू करने की मांग सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
आयोजकों ने सामाजिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील रूपेंद्र पटेल, संजय यादव, राजेश पटेल, चतुर सिंह लोधी, अलीम मंसूरी, शिव नामदेव, सम्मित सैनी, विक्रम सिंह लोधी, अभय प्रताप सिंह, विवेक पटेल, जगदीश सैनी, हरिशंकर विश्वकर्मा, बलराम सिंह लोधी, बिहारी सिंह लोधी एवं रामरतन यादव आदि ने की हैं|