जबलपुर। जबलपुर जिले के नवागत कलेक्टर 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अरुण कुमार विश्वकर्मा ने जबलपुर के कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने गौरीघाट पहुंचकर मां नर्मदा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
जनकल्याण प्राथमिकता होगी…………….
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए नवागत कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाई जाएगी।
उद्योग, पर्यटन और रोजगार पर रहेगा फोकस………
कलेक्टर ने कहा कि जबलपुर में उद्योग, पर्यटन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को साकार करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। रक्षा एवं रेलवे जैसे बड़े संस्थानों के साथ ही जिला स्तर के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर टीम वर्क के माध्यम से जिले को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जाएगा।
जनसुनवाई और शिकायतों का समय पर होगा निराकरण…………..
नवागत कलेक्टर ने जनसुनवाई, लोक शिकायतों के त्वरित निराकरण और आम जनता की संतुष्टि को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
त्योहारों के मद्देनजर प्रशासन रहेगा मुस्तैद……
नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने जबलपुरवासियों को आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता जताई। नवागत कलेक्टर की प्राथमिकताओं में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, विकास की संभावनाओं को गति देना और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रमुख रूप से शामिल है