कटनी। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्लीमनाबाद तहसील के पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी सीमांकन कार्य के बदले आवेदक से रिश्वत की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कौड़ियां, तहसील स्लीमनाबाद निवासी शिवकुमार जायसवाल (52) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी देववती जायसवाल के नाम खरीदी गई 1 एकड़ 80 डिसमिल भूमि के सीमांकन के लिए हल्का नंबर-8 के पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा द्वारा 5 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
सोमवार को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने आरोपी पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा (35) को उसके किराए के निजी कार्यालय, बोहरीबंद रोड, तहसील स्लीमनाबाद में आवेदक से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देशन तथा पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में निरीक्षक राहुल गजभिए, ट्रैप लेइंग ऑफिसर निरीक्षक शशिकला मस्कुले तथा लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।