उपज की खरीदी नहीं होने से भड़का आक्रोश, सिहोरा हाईवे पर किसानों का जाम, मंडी गेट पर ताला जड़ा


जबलपुर। सिहोरा कृषि उपज मंडी में फसल बेचने पहुंचे किसानों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। व्यापारियों की कथित मनमानी और मंडी प्रबंधन की उदासीनता से नाराज किसानों ने सिहोरा हाईवे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। किसानों का कहना था कि वे दूर-दराज के गांवों से अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे हैं, लेकिन पिछले दो दिनों से उनकी फसल की खरीदी नहीं हो पा रही है।

मंडी में खरीदी ठप…….

किसानों के अनुसार मंडी परिसर में बड़ी मात्रा में अनाज पड़ा हुआ है। व्यापारियों के नहीं पहुंचने से किसान परेशान हैं और उन्हें अपनी उपज खराब होने का डर सता रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी प्रशासन भी समस्या का समाधान नहीं कर रहा, जिससे स्थिति और बिगड़ गई है। बताया जा रहा है कि एक व्यापारी का लाइसेंस निरस्त होने के बाद कई व्यापारी खरीदी प्रक्रिया से दूर हो गए, जिसका सीधा असर किसानों पर पड़ा है।

मंडी गेट पर धरना शुरू ………

पुलिस की समझाइश के बाद किसानों ने हाईवे से जाम समाप्त कर दिया, लेकिन उनका विरोध खत्म नहीं हुआ। आक्रोशित किसानों ने कृषि उपज मंडी के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से परेशानी झेल रहे हैं। बारिश और मौसम की अनिश्चितता के बीच खुले में पड़ी फसल खराब होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मंडी प्रशासन से तत्काल खरीदी शुरू कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। फिलहाल मंडी परिसर में किसानों का प्रदर्शन जारी है।