लव मैरिज की रंजिश में खूनी हमला, साले ने जीजा को घोंपा चाकू, हालत गंभीर


जबलपुर। रिश्तों में पनपी नाराजगी ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र की यादव कॉलोनी पुलिस चौकी के अंतर्गत कछपुरा ब्रिज के पास एक युवक ने कथित तौर पर अपनी बहन की लव मैरिज से नाराज होकर अपने जीजा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार शिवनगर, मदन महल निवासी संतोष ठाकुर काम से लौट रहे थे। जैसे ही वह कछपुरा ब्रिज के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद पीयूष ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चाकू संतोष की पीठ और कमर में धंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घायल को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि पीठ में चाकू धंसे होने के बावजूद ऑपरेशन में करीब चार घंटे की देरी हुई, जिसके बाद चिकित्सकों ने सर्जरी कर चाकू बाहर निकाला। फिलहाल संतोष का इलाज जारी है।
परिजनों का कहना है कि संतोष ने आरोपी की बहन से प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में इस हमले को अंजाम दिया गया। वहीं, घायल के भाई ने आरोप लगाया कि आरोपी पीयूष के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही यादव कॉलोनी पुलिस चौकी और लॉर्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।