सड़क जर्जर, गड्ढों से हादसे का खतरा

जबलपुर। शहर के पनेहरा पेट्रोल पंप के ठीक बगल से गुजरने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जीसीएफ और नगर निगम के बीच जिम्मेदारी को लेकर खींचतान के कारण सड़क की मरम्मत नहीं हो पा रही है।बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती और वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। लोगों के अनुसार कई वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और राहगीरों को चोटें भी आई हैं।कल शाम भी हुआ हादसा: जगदीश मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर एक युवक की एक्टिवा अचानक गड्ढे में जा घुसी। युवक सड़क पर गिर गया, जिससे उसे चोट आई। हादसे में उसकी एक्टिवा और मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गए।स्थानीय लोगों ने बताया कि दशहरा पर्व में करीब 15 दिन शेष हैं, लेकिन शहर की कई सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं। ऐसे में त्योहार के दौरान बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए सड़कों की जल्द मरम्मत की जरूरत है। लोगों ने संबंधित विभागों से सड़क की स्थिति सुधारने और गड्ढों को भरने की मांग की है।