जबलपुर। उपनगरीय क्षेत्र रांझी में जबलपुर विकास प्राधिकरण के मार्केट में नई शराब दुकान आरंभ किए जाने के खिलाफ लगभग एक पखवाड़े से चल रहे विरोध प्रदर्शन का कोई असर नहीं हुआ बल्कि उलटे एसडीएम रांझी ने प्रदर्शनकारियों को नोटिस जारी कर तत्काल धरना प्रदर्शन बंद करने के निर्देश दिए| नोटिस में कहा गया है कि प्रदर्शन नियमानुसार न होकर बिना अनुमति के किया जा रहा है जो नियम विरूद्ध शांति भंग किये जाने दशा को परिदर्शित करता है। एसडीएम कार्यालय ने निर्देशित किया है कि धरना प्रदर्शन कार्य तत्काल बन्द करें अन्यथा नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
एसडीएम रांझी द्वारा प्रदर्शन पर बैठे कांग्रेस नेता एडवोकेट राजेंद्र मिश्रा के नाम पर 19 मई को एक नोटिस सूचना पत्र जारी किया गया| जिसमें कहा गया कि बिना अनुमति के अंबेडकर पार्क बड़ा पत्थर रांझी में कांग्रेस द्वारा शराब दुकान के विरोध में धरना- प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी धरना प्रदर्शन को लेकर अब एसडीएम रांझी ने कांग्रेस नेता अधिवक्ता राजेन्द्र मिश्रा एवं अन्य को एक नोटिस जारी कर उल्लेख किया है कि उनके द्वारा प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं ली गई है। लिहाजा शांति भंग होने के अंदेशा पर तत्काल धरना प्रदर्शन बंद करने की हिदायत दी गई है| नोटिस की कॉपी रांझी सीएसपी, रांझी टीआई और आबकारी निरीक्षक को भी प्रेषित की गई है| इस तरह का नोटिस चर्चा का विषय बना है, शायद यह पहला मौका होगा जब शराब दुकान के विरोध में चल रहे धरना प्रदर्शन पर प्रशासन सख्त हुआ| प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे है|