कंटेनर में 871 किलो गांजा की तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, 4.35 करोड़ का माल जब्त

जबलपुर, । जबलपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर में गांजे की खेप लेकर जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर और उसमें रखे पेंट के 412 डिब्बे भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार 30 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-30 पर जबलपुर की ओर से एक संदिग्ध कंटेनर तेज गति से जा रहा है। मुस्करा मोड़ के पास कंटेनर दिखाई देने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर रोक लिया। कंटेनर में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में कंटेनर चालक की पहचान धर्मवीर सिंह (45), निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश और दूसरे व्यक्ति की पहचान विक्रम करमाकर (24), निवासी दक्षिण दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कंटेनर में पेंट के 412 डिब्बों के साथ 28 बोरियां मिलीं। बोरियों में खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेट रखे हुए थे। जांच करने पर इनमें गांजा भरा मिला। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के झांसी की नारकोटिक्स विंग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए गांजे का वजन कराया गया, जो 871 किलो 95 ग्राम निकला।पुलिस पूछताछ में कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने बताया कि वह विक्रम के साथ 18 अक्टूबर को विशाखापट्टनम से माल लोड कर 19 अक्टूबर को अंबाला के लिए निकला था। इसी दौरान ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू ने उसे फोन कर मध्यप्रदेश में गांजे की खेप पहुंचाने के लिए कहा। आरोपी के मुताबिक, वह पहले भी प्रभात साहू के कहने पर कई बार गांजा मध्यप्रदेश ला चुका है और प्रत्येक खेप पहुंचाने के बदले उसे एक लाख रुपए मिलते थे। 27 अक्टूबर को प्रभात साहू के यहां से गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की गई थीं। खेप को मैहर से पहले जियो पेट्रोल पंप के पास खाली करना था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से गांजा, पेंट के डिब्बे और तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर जब्त कर धारा 8/20 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गांजे की इस बड़ी खेप के पीछे जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच, गोसलपुर थाना पुलिस और उत्तर प्रदेश झांसी की नारकोटिक्स विंग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा, थाना प्रभारी गोसलपुर भावना तिवारी सहित पुलिस और क्राइम ब्रांच के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।