जबलपुर। उखरी रोड स्थित गैलेक्सी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर पांच साल के बच्चे की छोटी आंत में करीब दो माह से फंसी लोहे की नुकीली कील को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चे ने गलती से कील निगल ली थी, जो छोटी आंत के शुरुआती हिस्से डुओडेनम में फंस गई थी। समय पर उपचार नहीं मिलने की स्थिति में कील से आंत में छेद होने और गंभीर संक्रमण फैलने का खतरा था।परिजनों के अनुसार बच्चे ने अनजाने में कील निगल ली थी। एक्स-रे जांच में पेट के भीतर कील होने की पुष्टि हुई। मामला गंभीर होने के कारण गैलेक्सी हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक सर्जरी सेंटर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ऑपरेशन का निर्णय लिया।
पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. आरएस सिसोदिया, डॉ. अभिषेक तिवारी और डॉ. नंदन शर्मा की टीम ने सावधानीपूर्वक सर्जरी कर डुओडेनम में फंसी कील को सुरक्षित बाहर निकाला। अस्पताल के एडवांस्ड पीडियाट्रिक क्रिटिकल केयर एवं आईसीयू सेंटर में बच्चे के उपचार की व्यवस्था की गई।चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को कील, सिक्के, बैटरी और अन्य छोटी व नुकीली वस्तुओं से दूर रखें। यदि बच्चा गलती से कोई बाहरी वस्तु निगल ले तो लक्षणों का इंतजार किए बिना तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें। ऐसी स्थिति में घरेलू उपचार करने या बच्चे को उल्टी कराने का प्रयास नहीं करना चाहिए।