जबलपुर। पनागर के सिंगलद्वीप गांव में बहू से कथित छेड़खानी का विरोध करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। शिकायत को लेकर हुए विवाद में तीन आरोपियों ने बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्यारे लाल चक्रवर्ती ने मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया।पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को गांव के राजेश चक्रवर्ती पर प्यारे लाल की बहू के साथ शौचालय जाते समय छेड़खानी करने का आरोप है। बहू ने घर पहुंचकर इसकी जानकारी प्यारे लाल और परिवार के अन्य सदस्यों को दी। इसके बाद प्यारे लाल शिकायत को लेकर राजेश के घर बातचीत करने पहुंचे।बताया जाता है कि प्यारे लाल के पहुंचते ही राजेश, काली और भाग्य चक्रवर्ती विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और तीनों ने कथित तौर पर प्यारे लाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।