जबलपुर। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था जल्द ही नए दौर में प्रवेश करने जा रही है। इसी माह से 22 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसें (ई-बस) शहर की सड़कों पर दौड़ेंगी। केंद्र सरकार की योजना के तहत शुरू हो रही इस सेवा का संचालन जबलपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (जेसीटीएसएल) करेगा। अधिकारियों के अनुसार 15 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस बस सेवा का शुभारंभ किए जाने की संभावना है।
नई ई-बसें शहर के प्रमुख मार्गों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी संचालित होंगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन उपलब्ध होगा। बसों के संचालन और रखरखाव के लिए कठौंदा में आधुनिक चार्जिंग एवं मेंटेनेंस सेंटर तैयार किया गया है। एक बार पूर्ण चार्ज होने पर प्रत्येक बस लगभग 180 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकेगी।
ई-बसों के संचालन से पहले चालक और परिचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में इलेक्ट्रिक वाहनों की तकनीक, सुरक्षा मानकों, ऊर्जा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही परिचालकों को यात्रियों के साथ व्यवहार, डिजिटल टिकटिंग और नई संचालन प्रणाली का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकट व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल बनाई गई है। बसों में नकद भुगतान के साथ-साथ ऑनलाइन और डिजिटल माध्यमों से भी किराया जमा किया जा सकेगा। मासिक पास की सुविधा भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी, जिससे नियमित यात्रियों को राहत मिलेगी और टिकटिंग व्यवस्था अधिक पारदर्शी होगी।जेसीटीएसएल का कहना है कि ई-बस सेवा शुरू होने से शहर में प्रदूषण कम करने के साथ सार्वजनिक परिवहन को भी नई मजबूती मिलेगी। भविष्य में यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार ई-बसों का बेड़ा बढ़ाने की भी योजना है।