सूना घर खंगाल लाखों के जेवर और नकदी पार

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के पंचकुईया इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई, जब मकान मालिक परिवार सहित रिश्तेदारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।पुलिस के अनुसार, पंचकुईया निवासी मोहम्मद गुलाम, जो वाहन रिपेयरिंग का कार्य करते हैं, अपनी बुआ के निधन के बाद आयोजित दसवें के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार के साथ राजा चौक स्थित अपने पिता के घर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी चोरी कर ली।कार्यक्रम से लौटने पर मोहम्मद गुलाम ने घर का मुख्य दरवाजा टूटा देखा। अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी का लॉकर खाली मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई।सूचना पर हनुमानताल थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।