जबलपुर। विश्व के सबसे बड़े श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वां स्थापना दिवस रविवार को जबलपुर स्थित जिला कार्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में श्रमिक हितों की रक्षा, कर्मचारी समस्याओं के समाधान और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री अजय विश्वकर्मा ने की। उन्होंने कहा कि बीएमएस पिछले 71 वर्षों से श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आ रहा है और आगे भी प्रत्येक स्तर के कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन सक्रिय रहेगा। उन्होंने प्रदेश स्तर पर भविष्य निधि और पेंशनभोगियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया।
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने हमेशा कर्मचारियों की आवाज बुलंद की है। उन्होंने विशेष रूप से आउटसोर्स, संविदा और ठेकेदारों के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन की सक्रिय भूमिका की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम को प्रदेश मंत्री रजनीश विश्वकर्मा, विभाग प्रमुख राजकुमार नायक, जिला अध्यक्ष राहुल सिंह तथा अमर ग्रावकर ने भी संबोधित किया और संगठन की कार्यप्रणाली एवं श्रमिक हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।इस अवसर पर संघ के सचिव देवेन्द्र पचौरी, आलोक अग्निहोत्री, बृजेश मिश्रा, परशुराम तिवारी, वीरेंद्र चंदेल, तुषरेन्द सिंह, एस.पी. बाथरे, इन्द्रप्रताप यादव, संध्या पाठक, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमर ग्रावकर ने किया।