बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किरनापुर थाना क्षेत्र के हिर्री गांव में आयोजित पारंपरिक मंडई मेले में चाऊमीन और मंचूरियन सहित फास्ट फूड खाने के बाद 118 बच्चे बीमार पड़ गए। बच्चों को अचानक पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी प्रभावित बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 45 बच्चों को जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया। इसके अलावा 12 वयस्कों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को हिर्री गांव में पारंपरिक मंडई का आयोजन किया गया था। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। यहां लगे फास्ट फूड स्टॉलों पर बच्चों और अन्य लोगों ने चाऊमीन एवं मंचूरियन खाया। कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते बीमार बच्चों की संख्या बढ़कर 118 तक पहुंच गई। सभी को तत्काल किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
45 बच्चे और 12 वयस्क जिला अस्पताल में भर्ती
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद 45 बच्चों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं 12 वयस्कों को भी बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चों को बच्चा वार्ड और वयस्कों को मेडिकल वार्ड में रखा गया है। राहत की बात यह है कि चिकित्सकों के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।
**कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल**
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर आदित्य सिंह रविवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था के संबंध में चर्चा कर सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी 45 बच्चों और 12 वयस्कों की हालत स्थिर है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे
घटना के बाद प्रशासन ने मेले में खाद्य सामग्री बेचने वाले संबंधित ठेलों को जब्त किया है। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वजह दूषित खाद्य सामग्री थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
**मेले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल*
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की घटना ने सार्वजनिक आयोजनों में खाद्य सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यह है कि मेले में फास्ट फूड के स्टॉल लगाने वालों की खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच पहले क्यों नहीं की गई? अब खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।