रेल कर्मचारियों को मिलेगा 3 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा, पेंशनरों के लिए भी 30 लाख का सुरक्षा कवच

जबलपुर रेल मंडल और पंजाब नेशनल बैंक के बीच हुआ एमओयू, होम लोन से लेकर स्वास्थ्य बीमा और डोर स्टेप बैंकिंग तक मिलेंगी विशेष सुविधाएं

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके लिए जबलपुर रेल मंडल और पंजाब नेशनल बैंक के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते के तहत रेल कर्मचारियों को अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा, जबकि पेंशनरों को 30 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन में हुए इस समझौते का उद्देश्य रेल परिवार से जुड़े कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों को बेहतर बैंकिंग, बीमा और वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कर्मचारियों को मिलेंगी कई अतिरिक्त सुविधाएं

एमओयू के तहत रेल कर्मचारियों को दुर्घटना बीमा के अलावा अतिरिक्त टर्म लाइफ इंश्योरेंस, होम लोन और अन्य ऋण योजनाओं में विशेष छूट का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य एवं चिकित्सा बीमा, हॉस्पिटल कैश और वेलनेस सुविधाएं भी बैंक की योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे कर्मचारियों को व्यक्तिगत और पारिवारिक जरूरतों के लिए वित्तीय सुरक्षा का अतिरिक्त सहारा मिल सकेगा।

पेंशनरों के लिए भी विशेष बैंकिंग व्यवस्था

सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को भी इस समझौते में शामिल किया गया है। उनके लिए 30 लाख रुपये तक के व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के साथ एटीएम, क्रेडिट कार्ड, चेकबुक और लॉकर सुविधाओं पर विशेष छूट का प्रावधान है। इसके अलावा डोर स्टेप बैंकिंग की सुविधा भी मिलेगी, जिससे बुजुर्ग पेंशनरों को बैंकिंग संबंधी कामकाज के लिए बार-बार शाखा जाने की परेशानी कम होगी।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ समझौता

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी, सहायक कार्मिक अधिकारी शचिपति नंदन तथा पंजाब नेशनल बैंक जबलपुर सर्किल के डीजीएम प्रबुद्ध शर्मा, चीफ मैनेजर राज कुमार कोरी, मार्केटिंग ऑफिसर पीयूष श्रीवास्तव और वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे।रेल प्रशासन का मानना है कि इस पहल से कर्मचारियों और पेंशनरों को बैंकिंग एवं बीमा संबंधी सुविधाओं का लाभ एक ही व्यवस्था के तहत मिल सकेगा। साथ ही उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।