जबलपुर में 1020 किमी पेयजल पाइपलाइन नालों से होकर गुजरी, मानव अधिकार आयोग में 28 साक्ष्यों के साथ शिकायत

जबलपुर। शहर की पेयजल व्यवस्था में गंभीर लापरवाही और दूषित जलापूर्ति के खतरे को लेकर नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने बुधवार को मानव अधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया है। मंच के अध्यक्ष डॉ. पी.जी. नाजपांडे के नेतृत्व में आयोग को 28 स्थानों के फोटोग्राफिक प्रमाण सौंपे गए हैं, जहां पीने के पानी की पाइपलाइनें सीधे गंदे नालों और नालियों के बीच से गुजर रही हैं। शिकायत में इसे सीधे तौर पर नागरिकों के मानव अधिकारों का उल्लंघन बताया गया है।

60 प्रतिशत पाइपलाइन नालों में, रिकॉर्ड भी नदारद……..

मंच द्वारा प्रस्तुत शिकायत में नगर निगम के वर्तमान और सेवानिवृत्त इंजीनियरों के पूर्व कथनों का हवाला देते हुए चौंकाने वाले आंकड़े रखे गए हैं। इसके अनुसार, शहर में बिछी कुल 1700 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन में से करीब 60 प्रतिशत (1020 किलोमीटर) हिस्सा नालों और नालियों के भीतर से गुजर रहा है। इतना ही नहीं, लगभग 20 प्रतिशत (340 किलोमीटर) पाइपलाइन का तो नगर निगम के पास कोई आधिकारिक रिकॉर्ड ही उपलब्ध नहीं है। मंच का दावा है कि देश में संभवतः जबलपुर एकमात्र ऐसा शहर है, जहां इतनी बड़ी मात्रा में पेयजल लाइनें नालियों से होकर गुजर रही हैं।

ई-कोलाई बैक्टीरिया और जर्जर लाइनों से बढ़ा खतरा………..

शिकायत में हाल ही में भोपाल के पेयजल में ‘ई-कोलाई’ बैक्टीरिया पाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए जबलपुर को लेकर गहरी चिंता जताई गई है। शहर की अधिकांश पाइपलाइनें 40 से 50 साल पुरानी हो चुकी हैं। जंग लगने और जगह-जगह लीकेज होने के कारण नालों का गंदा पानी पेयजल में मिलने और गंभीर बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। इसके साथ ही शिकायत में 17 नवंबर को घमापुर, शिवनगर, स्नेह नगर तथा 18 नवंबर को यादव कॉलोनी, गढ़ाफाटक और बल्देवबाग में दूषित पानी को लेकर प्रकाशित खबरों को भी आधार बनाया गया है।

उच्च स्तरीय समिति करेगी मामले की जांच………

मानव अधिकार आयोग के मित्र एडवोकेट प्रभात यादव ने शिकायत को गंभीरता से स्वीकार किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने और निश्चित समय-सीमा के भीतर जांच पूरी करने की अनुशंसा की है।

शिकायत प्रस्तुत करने के दौरान डॉ. पी.जी. नाजपांडे के साथ टी.के. रायघटक, सुभाष चन्द्रा, एडवोकेट वेदप्रकाश अधौलिया, मनीष शर्मा, सुशीला कनौजिया, डी.आर. लखेरा, पी.एस. राजपूत, अशोक यादव, यशवंत कोष्टा, श्याम सोलंकी, प्रफुल्ल सक्सेना, दिलीप कुंडे, कुंदन सिंह नेगी, ऋषि उपाध्याय और राममिलन शर्मा सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित थे।