जबलपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने बुधवार सुबह सिहोरा क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न स्कूलों की बसों सहित करीब 50 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान जबलपुर से कटनी जा रही चौरसिया ट्रेवल्स की यात्री बस बिना वैध परमिट के संचालित होती मिली। नियमों के उल्लंघन पर आरटीओ टीम ने बस को जब्त कर सिहोरा थाने में खड़ा करवा दिया। वहीं, रचना मेमोरियल स्कूल की एक बस बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के संचालित पाई गई, जिस पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
**स्कूल बसों के दस्तावेजों की पड़ताल**
आरटीओ टीम ने महर्षि स्कूल, रचना मेमोरियल स्कूल और मारथोमा स्कूल सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के वाहनों की जांच की। अधिकारियों ने बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र की वैधता जांची। इसके साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी देखे गए।
**बसों में सुरक्षा इंतजाम भी जांचे**
जांच अभियान के दौरान केवल दस्तावेजों तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही, बल्कि वाहनों के भीतर उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों का भी निरीक्षण किया गया। आरटीओ टीम ने स्पीड गवर्नर, जीपीएस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी गेट और आपातकालीन खिड़कियों की स्थिति जांची। इसके अलावा सीट बेल्ट सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
**लापरवाही मिलने पर मौके पर कार्रवाई**
परिवहन विभाग ने जांच के दौरान जिन वाहनों में नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया, उनके खिलाफ चालानी और वैधानिक कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि बिना वैध दस्तावेज और जरूरी सुरक्षा इंतजामों के कोई भी वाहन बच्चों को लेकर सड़क पर न चले।