जबलपुर आगमन पर भारती मानव अधिकार समिति करेगी सम्मानित
जबलपुर। चिकित्सा सेवा का वास्तविक उद्देश्य केवल बीमारी का उपचार करना नहीं, बल्कि मरीज और उसके परिजनों को भरोसा, सांत्वना और मानसिक शांति प्रदान करना भी है। डॉक्टर की समझाइश और संवेदनशील व्यवहार से मरीज को बीमारी से लड़ने का हौसला मिलता है। किसी के चेहरे पर खुशी लाना चिकित्सक के लिए गौरव की बात है। यह मानवीय विचार नागपुर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अलंकार ए. रामटेके के हैं, जो पिछले 22 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से मरीजों की सेवा कर रहे हैं।भारती मानव अधिकार समिति के प्रदेश अध्यक्ष अटल उपाध्याय ने बताया कि एक घुटने की बीमारी से परेशान महिला को उपचार के लिए डॉ. रामटेके के पास नागपुर ले जाने के दौरान उनसे मुलाकात हुई। महिला को एक माह तक दवाइयों का सेवन करने के बाद लगभग 70 प्रतिशत आराम मिला। इस अनुभव ने उन्हें डॉक्टर की चिकित्सा दक्षता के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद करने की भावना से भी प्रभावित किया।डॉ. रामटेके ने अपने 22 वर्षों के सेवाकाल में हजारों आर्थराइटिस और ज्वाइंट रिप्लेसमेंट के मरीजों का उपचार किया है। इतने लंबे अनुभव के बावजूद उनका सहज और विनम्र व्यवहार सराहनीय है। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने से वरिष्ठ सभी चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उम्र और अनुभव में बड़े डॉक्टर उनके लिए सदैव वरिष्ठ हैं।उन्होंने न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सदाशिव भोले सहित जबलपुर के चिकित्सक डॉ. जामदार, डॉ. अजय सेठ, डॉ. सुधीर तिवारी और डॉ. संजय नागराज के कार्यों की भी प्रशंसा की।
**जरूरतमंद मरीजों की मदद की सोच सराहनीय**
अटल उपाध्याय ने कहा कि आज चिकित्सा क्षेत्र में जांच के नाम पर अनावश्यक खर्च और दवाइयों की कीमतों को लेकर आम लोगों की परेशानियां सामने आती रहती हैं। ऐसे समय में गरीब और असहाय मरीजों को उपचार में सहयोग देने की भावना रखने वाले चिकित्सक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। डॉ. रामटेके की सेवा भावना और समाज के प्रति सकारात्मक सोच प्रशंसा के योग्य है।
**समिति करेगी सम्मान**
भारती मानव अधिकार समिति के प्रदेश अध्यक्ष अटल उपाध्याय सहित विवेक रंजन शुक्ला, विवेक शुक्ला, अरविंद दुबे, अर्जुन सोमवंशी, रजनीश पांडेय, सतीश उपाध्याय, नरेंद्र सैन, जवाहर केवट, अभय उपाध्याय और संदीप सोनी ने डॉ. अलंकार ए. रामटेके के सेवाभावी कार्यों की सराहना की है। समिति के पदाधिकारियों ने उनके जबलपुर आगमन पर सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया है।