जबलपुर। रसोई में चूल्हे पर खाना बनाते समय एक महिला दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। अचानक उसकी साड़ी में आग लग गई, जिससे वह करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गई। संकट की इस घड़ी में जब परिजनों को 108 एंबुलेंस की सुविधा समय पर नहीं मिल सकी, तब डायल-112 की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से महिला की जान बच गई।
घटना रांझी थाना क्षेत्र के मुंडी टोरिया की है। जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय सरस्वती कोल घर में चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी साड़ी में आग लग गई। आग की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस से संपर्क किया गया, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर तैनात हेड कांस्टेबल हरिओम तिवारी और पंचेश्वर तत्काल मुंडी टोरिया पहुंचे। वहां महिला को झुलसी हालत में देखकर पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार उपलब्ध होने से महिला की स्थिति सुरक्षित बताई गई है। फिलहाल रांझी पुलिस मामले की जांच कर रही है।आपात स्थिति में पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना हो रही है।