भाईयों के माथे पर बहनों ने लगाया स्नेह का टीका, भाई दूज पर बहन ने की भाई के लिये अखण्ड मंगल कामना


जबलपुर। भाई दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ परंपरागत तरीके से मनाया गया। बुधवार को सुबह से ही बहनों का अपने भाईयों के घर पहुंचना प्रारंभ हो गया था। भाई दूज की पूजा करने के बाद बहनों ने भाईयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। भाईयों ने उपहार देकर बहन के खुशहाल जीवन की कामना की। दूर-दूर से भाई-बहनें यह पर्व मनाने एक-दूसरे के घर पहुंचे। सेंट्रल जेल में निरुद्ध कैदी भाईयों को टीका लगाने बहनें बड़ी संख्या में पहुंची। जेल में उत्सव का माहौल रहा। अलग से जेल प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं की गई थीं। किसी की आंखों में चारदीवारी के अंदर की घुटन झलक रही थी, तो भाईयों को बंदी की शक्ल में देख बहनों की आंखें भी छलछला आईं। भाई दूज के पर्व के साथ ही छह दिवसीय दीपोत्सव पर्व का हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया।
भाई दूज के पर्व को लेकर ऐसी मान्यता है कि यम की बहन यमुना के घर आज के दिन यमराज ने जाकर टीका लगवाया था। यमराज ने प्रसन्न होकर बहन को अनेक प्रकार की भेंट प्रदान की। बहन के वर मांगने पर यमराज ने कहा कि आज के दिन जो बहन अपने भाई को घर बुलाकर टीका कर उसे भोजन कराएगी, उसके भाई की हमेशा रक्षा रहेगी, इसलिए इस त्यौहार को यम द्वितीया भी कहा जाता है।