महिला क्लर्क ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर लगाए छेड़छाड़ और अश्लील मैसेज भेजने का आरोप


जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर के खिलाफ एक महिला क्लर्क ने छेड़छाड़ करने और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगाते हुए लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि डॉक्टर पिछले करीब एक साल से उसे लगातार परेशान कर रहे थे। शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला क्लर्क के मुताबिक, डॉक्टर उसके कार्यालय आने-जाने के दौरान पीछा करते थे और कई बार उसके केबिन में घंटों बैठे रहते थे। शुरुआत में उसने इन गतिविधियों को सामान्य समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन बाद में डॉक्टर द्वारा घर जाते समय भी पीछा किए जाने का आरोप है। महिला का कहना है कि डॉक्टर मोबाइल पर मैसेज भेजकर प्यार का इजहार करते थे और आपत्तिजनक बातें लिखते थे। उसने कई बार डॉक्टर को ऐसा करने से मना किया, लेकिन कथित तौर पर उनकी हरकतें बंद नहीं हुईं। लगातार परेशान होने के बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी और परिवार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी हैं।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत………

मामले में विवाद उस समय बढ़ गया, जब महिला के भाई ने डॉक्टर को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। डॉक्टर ने रविवार को लार्डगंज थाने पहुंचकर महिला के भाई के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मंगलवार रात महिला ने भी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही पुलिस……

सीएसपी अखिलेश गौर के अनुसार, महिला की शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।