जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र के सिद्धबाबा साहू मोहल्ले में घर के सामने बम पटककर दहशत फैलाने और एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले घर के सामने दुकान के पास बम फोड़ा और बाहर निकले युवक पर भी बम फेंके। जान बचाने के लिए युवक को सड़क पर भागकर दूसरे के घर में छिपना पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा उसके घर के सामने बमबाजी की और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सिद्धबाबा साहू मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय अभिषेक साहू घर में चाइनीज की दुकान चलाता है। 10 नवंबर की रात करीब 12:20 बजे वह घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान घर के सामने दुकान के पास बम फटने की आवाज सुनाई दी। वह बाहर निकला तो उसे मोनू वंशकार, चिराग वंशकार और सुमित घर के सामने खड़े दिखाई दिए।
पीछा कर जान से मारने की कोशिश……
अभिषेक को देखकर आरोपियों ने उस पर भी बम फेंके। जान बचाने के लिए वह सिद्धबाबा रोड से गणेश चौक की ओर भागा। आरोपियों ने उसे मारने की नीयत से पीछा किया। किसी तरह वह आगे जाकर अभय के घर में छिप गया। जब आरोपियों को अभिषेक नहीं मिला तो वे वापस उसके घर पहुंचे और दोबारा बम फेंककर फरार हो गए। अभिषेक की शिकायत पर घमापुर पुलिस ने मोनू वंशकार, चिराग वंशकार और सुमित के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।