स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी ने बढ़ाई यात्रियों की मुसीबत, 18 घंटे तक देरी से पहुंच रहीं गाड़ियां  

छोटे स्टेशनों पर रोककर निकाली जा रहीं नियमित ट्रेनें; यात्रियों के बिगड़ रहे कार्यक्रम

जबलपुर।  त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन तो शुरू कर दिया है, लेकिन इन ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि कई स्पेशल ट्रेनें 3 से लेकर 18 घंटे से अधिक की देरी से जबलपुर पहुंच रही हैं। यात्रियों को सीट तो मिल रही है, लेकिन ट्रेन कब आएगी और कब गंतव्य तक पहुंचाएगी, इसकी कोई निश्चितता नहीं रह गई है। स्पेशल ट्रेनों की इस अव्यवस्था का असर यात्रियों के पूरे यात्रा कार्यक्रम पर पड़ रहा है। परेशान होकर कई यात्री टिकट तक निरस्त कराने को मजबूर हैं।

दरअसल, त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेलवे ने अलग-अलग रूटों पर स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य यात्रियों को कंफर्म सीट उपलब्ध कराना और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करना है, लेकिन समय पालन की स्थिति ने इस व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। घंटों की देरी के कारण यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जिन लोगों ने आगे की यात्रा, जरूरी काम या अन्य कार्यक्रमों के हिसाब से टिकट बुक कराए थे, उनका पूरा शेड्यूल गड़बड़ा रहा है।

छोटे स्टेशनों पर रोककर निकाली जा रहीं नियमित ट्रेनें………

स्पेशल ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों का आरोप है कि रेलवे का ध्यान नियमित ट्रेनों के समय पालन पर तो रहता है, लेकिन स्पेशल ट्रेनों की समय-सारिणी को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। कई छोटे स्टेशनों पर स्पेशल ट्रेनों को रोककर नियमित ट्रेनों को प्राथमिकता से निकाला जा रहा है। इस वजह से इनकी देरी लगातार बढ़ती जाती है। यात्रियों का कहना है कि अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका संचालन भी निर्धारित समय के अनुसार हो।

ये स्पेशल ट्रेनें चल रहीं घंटों विलंब से…….

रेलवे की ओर से जारी देरी के आंकड़ों के अनुसार कई स्पेशल ट्रेनें निर्धारित समय से काफी विलंब से चल रही हैं। इनमें 01046 अयोध्या कैंट-एलटीटी करीब 18 घंटे 30 मिनट, 09041 उधना-हसनपुर 3 घंटे 30 मिनट, 01053 देवलाली-दानापुर 6 घंटे 30 मिनट, 09047 उधना-मधुबनी 4 घंटे, 01114 दानापुर-एलटीटी 8 घंटे 45 मिनट और 01450 दानापुर-पुणे करीब 3 घंटे की देरी से चल रही हैं।

अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का उद्देश्य हो रहा प्रभावित….

रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन घंटों की देरी ने इस राहत को परेशानी में बदल दिया है। यात्रियों की मांग है कि स्पेशल ट्रेनों को भी समय पर चलाने के लिए प्रभावी परिचालन व्यवस्था बनाई जाए, ताकि त्योहार पर घर जाने और वापस लौटने वाले लोगों को अनावश्यक इंतजार और असुविधा का सामना न करना पड़े।