रबी सीजन में मिलेगी बेहतर विद्युत व्यवस्था*-

जबलपुर ।  मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने प्रदेश की विद्युत पारेषण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हुए रतलाम के 220 केवी सबस्टेशन की क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि की है।  वर्ष 1988 में स्थापित सेकंड जेनरेशन के 160 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर नये थर्ड जेनरेशन तकनीक आधारित 220/132 केवी वोल्टेज स्तर का 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया है।ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह  तोमर ने
एमपी ट्रांसको के कार्मिकों को बधाई देते हुए बताया कि रतलाम जिले में पहली बार इतनी उच्च क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है। इससे क्षेत्र की विद्युत पारेषण व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी तथा आगामी रबी सीजन के दौरान किसानों और अन्य उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

*- प्रदेश का 19 वां 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर*–

एमपी ट्रांसको के  अधीक्षण अभियंता श्री वाय आर मांडलेकर ने बताया कि रतलाम में ऊर्जीकृत हुआ यह पावर ट्रांसफार्मर प्रदेश का 19 वां 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर है। मालवा क्षेत्र में इस क्षमता का यह पांचवां पावर ट्रांसफार्मर है। इसके स्थापित होने से रतलाम 220 केवी सबस्टेशन की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 520 एमवीए हो गई है।