जबलपुर। स्वर कोकिला एवं भारत रत्न लता मंगेशकर की जयंती तथा शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सुर साधक समर्पण ग्रुप, जबलपुर द्वारा देशभक्ति एवं फिल्मी गीतों पर आधारित भव्य संगीतमय कार्यक्रम ‘लता आराधना’ का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम 28 सितंबर 2026, सोमवार को शाम 6 बजे से मानस भवन, जबलपुर में आयोजित होगा। संगीतमय संध्या में सा-रे-गा-मा-पा विजेता एवं प्रसिद्ध पार्श्व गायिका इशिता विश्वकर्मा अपनी सुरीली और मनमोहक आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी।उनके साथ तेजल विश्वकर्मा, श्रेया खरे देसाई, जिया प्रथवानी नोतनानी, नायरा दुबे, रवि शुक्ला, रमेशपुरी गोस्वामी, भूपेन्द्र सिंह, सैमसंग जैकब, संगीता उपाध्याय, संध्या पाटकर, विनीता पैंगवार, डॉ. अनिल कोरी एवं राजा बेंज सहित अन्य गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
सात वर्षीय नायरा दुबे रहेंगी विशेष आकर्षण
कार्यक्रम में सात वर्षीय नायरा दुबे भी लता मंगेशकर के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगी। कम उम्र में ही नायरा अपनी सुरीली एवं भावपूर्ण गायन प्रस्तुतियों से श्रोताओं की सराहना प्राप्त कर चुकी हैं। जबलपुर सहित अन्य मंचों पर भी वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनकी मासूम आवाज में लता मंगेशकर के अमर गीतों की प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगी।
कार्यक्रम में संगीत ‘सुनहरे पल म्यूजिक बैंड’ द्वारा दिया जाएगा, जबकि मंच संचालन अमित परनामी एवं श्रेया खंडेलवाल करेंगे।
जनप्रतिनिधियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के आयोजक तुलसी नारायण राय ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व एमआईसी सदस्य एवं पार्षद कमलेश अग्रवाल उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। आयोजकों ने सभी संगीत प्रेमी नागरिकों एवं गणमान्यजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संगीतमय संध्या का आनंद लेने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।