गढ़ाफाटक में पुराने विवाद में तलवारों से हमला, चार घायल

जबलपुर। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र के गढ़ा फाटक मेन रोड स्थित श्री साईं गणेश उत्सव समिति के पास शनिवार को पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। राजा रसगुल्ला वाली गली में पूर्व में हुए विवाद के बाद 15 से 20 लोगों के तलवारों से लैस होकर पहुंचने और घर के बाहर बैठे लोगों पर हमला करने की सूचना पुलिस को मिली। घटना में विपिन अहीरवार, दीपक अहीरवार, इमारती अहीरवार और अमित अहीरवार घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।इससे पहले राजा रसगुल्ला वाली गली में कपिल सोनकर, राहुल सोनकर और उनके साथियों का मोहल्ले के कुछ युवकों से विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट भी हुई और मामला थाने तक पहुंचा था। आरोप है कि इसी पुराने विवाद को लेकर बाद में तरुण सोनकर, कपिल सोनकर सहित अन्य लोग हथियार लेकर पहुंचे और अहीरवार परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लॉर्डगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।पुलिस ने घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। हमले में शामिल आरोपियों की पहचान, विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।