जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर चुंगी चौकी स्थित बरू मोहल्ले में बीती रात एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब जर्जर मकान की दीवार और छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के समय रानू तिवारी अपने बच्चों के साथ कमरे में सो रही थीं। अचानक दीवार से प्लास्टर और मिट्टी गिरने की आहट से उनकी नींद खुली। खतरा भांपते ही उन्होंने बिना देर किए बच्चों को उठाया और घर से बाहर निकल गईं।परिवार के बाहर निकलते ही कुछ ही क्षण में कमरे की पूरी छत और दीवार भरभराकर नीचे आ गिरी। तेज आवाज के साथ मकान का हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि रानू तिवारी और उनके बच्चे समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।छत और दीवार गिरने से घर में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर और खाने-पीने की सामग्री मलबे में दबकर बर्बाद हो गई। पीड़ित परिवार के अनुसार हादसे में करीब 2 से 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एक झटके में परिवार की वर्षों की जमा गृहस्थी मलबे के नीचे दब गई।
मकान का बड़ा हिस्सा ढह जाने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद अब तक प्रशासन की ओर से कोई राहत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। क्षेत्रीय पार्षद की ओर से आवेदन देने की बात कही गई है।बेघर हुए परिवार ने जिला प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता देने के साथ ही रहने के लिए अस्थायी व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।