हजारों श्रद्धालुओं के कंधों पर भगवान ने किया नगर भ्रमण, नर्मदा में कराया जल विहार

जबलपुर। डोल ग्यारस के अवसर पर शहपुरा के कुलौन स्थित प्राचीन श्री नृसिंह मंदिर सिद्धघाट में भव्य विमानोत्सव आयोजित किया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान श्रीहरि के विग्रह को सजे हुए विमान में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान का विमान अपने कंधों पर उठाकर यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के समापन से पहले सिद्धघाट पर भगवान का नर्मदा मैया में जल विहार कराया गया।
विमानोत्सव के पूर्व श्रीमद् जगद्गुरु नृसिंह पीठाधीश्वर पूज्य डॉ. स्वामी नृसिंहदेवाचार्य महाराज के पावन सानिध्य में भगवान नृसिंह एवं श्रीरामलला सरकार का षोडशोपचार पूजन, सहस्रार्चन और अभिषेक किया गया। इस अवसर पर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी राजारामाचार्य महाराज, स्वामी हनुमानदास महाराज, स्वामी बालकदास महाराज, आचार्य अनूपदेव, महंत मनीषादास और त्यागी कृष्णादास सहित संत-महात्मा मौजूद रहे।

फूलों, तुलसी दल और केले के पत्तों से सजे भव्य विमान में भगवान को विराजमान कर यात्रा निकाली गई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारकर विमान का स्वागत किया और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। शहपुरा-कुलौन सहित छरपट, बरबटी, भिटौनी, पाटन, भेड़ाघाट, ज्याप, जमुनिया, छैड़ी, बरोदा और हीरापुर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

विमान यात्रा के दौरान बैंड-बाजे, हरिनाम संकीर्तन और नाट्य मंडली की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भगवान के नाम का जाप करते हुए यात्रा में शामिल हुए। सिद्धघाट पहुंचने पर धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान श्रीहरि का नर्मदा जल में जल विहार कराया गया।विमानोत्सव में आचार्य दीपनारायण शास्त्री, विधायक नीरज सिंह, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन गुड्डा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्री नृसिंह मंदिर सिद्धघाट भक्त परिवार की ओर से आयोजित आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की।