भोजन में पोषक तत्वों का समावेश अति आवश्यक

जबलपुर। शारीरिक दुर्बलता दूर करने के लिए पोषक तत्वों को प्रतिदिन के भोजन में शामिल करना चाहिए। भोजन की थाली में प्रोटीन, विटामिन, कार्बोहाइड्रेट और फाइबर का समावेश होना चाहिए। अच्छे स्वास्थ्य और शारीरिक रूप से सबल बनने के लिए दैनिक दिनचर्या को व्यवस्थित ढंग से संपादित करना आवश्यक है। अस्वास्थ्यकर खान-पान से दूरी बनानी चाहिए और स्वच्छ पानी पीना चाहिए। शारीरिक और मानसिक रूप से अच्छा स्वास्थ्य ही जीवन भर निरोगी काया और प्रसन्न मन का आधार है। यह विचार श्रीमती प्रतिभा भापकर ने चेरीताल वार्ड के खिन्नी मोहल्ला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण माह के अंतर्गत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में व्यक्त किए।पोषण माह अभियान के तहत जन-जन में जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पार्षद प्रतिभा भापकर, परियोजना अधिकारी रीतेश दुबे, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर खुशबू ठाकुर, सविता अग्रवाल, पूजा चौरसिया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता अहिरवार, पूजा चौधरी, शशि चौधरी, मोनिका क्षत्रिय, कमला ठाकुर सहित क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।