जर्जर बिजली खंभा गिरने से सड़क पर दौड़ा करंट, गर्भवती गाय और गर्भ में पल रहे बछड़े की मौत

जबलपुर। बिलहरी बिजली कार्यालय अंतर्गत कजरवारा के समीप कांतिविला क्षेत्र में शुक्रवार 5 सितंबर को तेज बारिश के दौरान एक जर्जर सीमेंट का बिजली खंभा अचानक भरभराकर गिर गया। खंभा गिरते ही विद्युत लाइन से करंट सड़क पर फैल गया। इसी दौरान वहां पहुंची एक गर्भवती गाय करंट की चपेट में आ गई और तड़प-तड़पकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गाय के गर्भ में पल रहे अजन्मे बछड़े की भी जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सड़क पर फैला करंट बना जानलेवा खतरा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खंभा गिरने के बाद सड़क और आसपास की गीली जमीन में विद्युत प्रवाह फैल गया था। बारिश के कारण स्थिति और भी खतरनाक हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समय करंट सड़क पर फैला था, उस दौरान कोई राहगीर इसकी चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।क्षेत्रीय नागरिकों अटल उपाध्याय, रवि सेन, अशोक पटेल, विवेक उपाध्याय, प्रशांत चौकसे, अभय उपाध्याय, सुधीश सोनी, सतेंद्र सोनी, निक्की और अंकित ने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

जर्जर खंभे को लेकर पहले भी जताई गई थी चिंता

स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क किनारे लगा कंक्रीट का बिजली खंभा लंबे समय से जर्जर हालत में था। खंभे के अंदर लगे सरिए जंग लगने के कारण कमजोर हो चुके थे। आरोप है कि क्षेत्र में जर्जर विद्युत ढांचे को लेकर पूर्व में भी जिम्मेदारों को आगाह किया गया, लेकिन समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए।बारिश के दौरान जमीन में नमी और पानी भरने के बीच कमजोर खंभा अचानक गिर गया। इसके साथ विद्युत लाइन भी नीचे आ गई और गीली सतह पर करंट फैल गया। इसी दौरान चारा तलाश रही गर्भवती गाय इसकी चपेट में आ गई।

मृत मवेशियों के मालिकों ने मांगा मुआवजा

हादसे में मृत गाय और अजन्मे बछड़े को लेकर उनके मालिक मोहित यादव, अनिल यादव, शक्ति यादव, शौरभ पटेल और दिन्नू यादव ने मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण बेजुबान पशु की जान गई है, इसलिए नुकसान की भरपाई की जानी चाहिए।

शव उठाने में देरी से लोगों में आक्रोश

हादसे के बाद मृत मवेशी को घटनास्थल से हटाने में हुई कथित देरी को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। नागरिकों का कहना है कि सड़क पर मृत पशु पड़े रहने से दुर्गंध के साथ संक्रमण का खतरा भी बना रहाक्षेत्रवासियों ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने, जर्जर विद्युत खंभों का तत्काल सर्वे कराकर उन्हें बदलने तथा लापरवाही सामने होने जिम्मेदारअधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत तंत्र की खामियों को दूर नहीं किया गया तो अगली बार किसी इंसान की जान भी जा सकती है।