नेशनल हाईवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,

जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे एवं सर्विस रोड पर राहगीरों को रोककर लूटपाट और अवैध रूप से रुपये मांगकर मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 1500 रुपये नकद, लूटी गई मोटरसाइकिल तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्सिस और एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिन्नू उर्फ दिनेश अहिरवार, गौरव अहिरवार उर्फ भोला  और प्रमोद चौधरी  के रूप में हुई है। तीनों माढ़ोताल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।पुलिस के मुताबिक पहली वारदात 31 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे की है। भेड़ाघाट निवासी 22 वर्षीय संजू ठाकुर अपने मामा संजू उर्फ संजय ठाकुर के साथ मोटरसाइकिल से पाटन बायपास होते हुए घर लौट रहा था। दोनों के पास काम से मिले कुल 8500 रुपये थे।अंधमूक की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर सीमेंट गोदाम के पास पीछे से सफेद रंग के दुपहिया वाहन पर सवार तीन युवक पहुंचे। आरोपियों ने चलती मोटरसाइकिल में लात मारकर दोनों को सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद तीनों ने उन्हें घेरकर मारपीट की और उनके पास रखे रुपये छीन लिए। आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल भी लूट ली और अंधमूक बायपास की ओर फरार हो गए।cमामले में माढ़ोताल थाने में अपराध क्रमांक 762/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

शराब के लिए मांगे 500 रुपये, विरोध पर किया हमला

दूसरी वारदात 18 अगस्त 2026 की शाम की बताई गई है। नर्मदा नगर निवासी एक व्यक्ति काम खत्म कर सर्विस रोड से अपने घर जा रहा था। पांडव रेस्टोरेंट के आगे राधाकृष्ण नेत्रालय के पास तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगे।

रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने नुकीली वस्तु से हमला कर चोट पहुंचाई, जबकि अन्य दो ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में माढ़ोताल थाने में अपराध क्रमांक 716/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।

मुखबिर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान होने पर पुलिस टीम ने वायपास स्थित जीरो डिग्री क्षेत्र में दबिश देकर तीनों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए 1500 रुपये, मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 49 जेडई 2751, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्सिस तथा दूसरी घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। आरोपियों ने लूट की शेष रकम खर्च कर देना बताया है।तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।